मिर्जापुर। राजस्थान के कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रहे अदलहाट थाने के अचितपुर गांव निवासी छात्र ने फंदे से लटक कर जान दे दी। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन राजस्थान के कोटा रवाना हो गए।
अदलहाट के अचितपुर निवासी आशुतोष चौरसिया (20) पुत्र भुवनेश्वर अपनी फुफेरी बहन के साथ राजस्थान के कोटा में छह माह से रहकर नीट की तैयारी कर रहा था।दोनों शास्त्री नगर के एक मकान में किराये पर रहते थे। बुधवार की सुबह भाई और बहन कोचिंग करने गए थे। दोपहर दो बजे आशुतोष घर पर लौटा। इसके बाद कमरे से बाहर नहीं निकला। रात करीब आठ बजे बहन कोचिंग से लौटी तो दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसकी सूचना उसने आशुतोष के माता-पिता को दी। परिजन फोन करते रहे, परंतु आशुतोष का फोन नहीं उठा। सूचना पर पुलिस पहुंची तो वह फंदे से लटकता मिला। मौत की सूचना मिलने पर परिजन राजस्थान के कोटा के लिए रवाना हो गए। परिजनों ने बताया कि सुसाइड नोट लिखकर उसने जान दी है। दादा लालू ने बताया कि उसके पास सुसाइड नोट लिखा मिला है कि मम्मी-पापा खुश रहो। उन्होंने बताया कि परिवार के लोग कोटा गए हैं।