अदलहाट। थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर बाजार में जमीन संबंधी विवाद में हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल वृद्ध महिला की बुधवार को नरायनपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
क्षेत्र के बैकुंठपुर निवासी श्रीराम सेठ के पुत्र राजेश सेठ ने बाजार स्थित मकान को लगभग छह महीने पहले राजेश वर्मा से खरीदा था। राजेश वर्मा ने छह महीने में अपना मकान बनाकर खाली करके कब्जा देने को कहा था। आरोप है कि छह माह बीत जाने के बाद मकान खरीदने वाले श्रीराम सेठ की पत्नी श्यामा देवी (65) ने राजेश वर्मा से मकान खाली करने को कहा तो राजेश वर्मा की पत्नी कृष्णा देवी व पुत्री शिवानी ने उन्हें मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। श्रीराम सेठ ने इस मामले में बीते 15 अक्तूबर को घटना की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। इस बीच मारपीट में घायल वृद्धा की इलाज के दौरान बुधवार को दोपहर बाद मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि विक्रेता की पत्नी व पुत्री द्वारा की गई पिटाई से मौत हुई है। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद में श्यामा देवी घायल हो गई थी। जिसकी इलाज के दौरान बुधवार को मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।