पटेहरा। लालगंज थाना क्षेत्र के लेदुकी गांव में मंगलवार को सिंचाई के लिए पम्प चालू करने गए किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। क्षेत्र निवासी 58 वर्षीय जोगेश्वर अपने आवास से 200 मीटर दूर खेत की पाही पर सिंचाई के लिए सबमिर्शबल चालू करने गया था। जैसे ही स्टार्टर को छुआ। वह करंट की चपेट में आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक का इकलौता पुत्र नागेंद्र भी खेत की रोपाई करवा रहा था, पर पिता को करंट लगने पर उसे भी जानकारी नहीं हुई। मजदूरों की नजर पड़ी तो चीख पुकार सुनकर पुत्र वहां दौड़ कर पहुंचा। दीपनगर उपकेंद्र पर फोनकर बिजली सप्लाई बंद करवाई।