सक्तेशगढ़। चुनार थाना क्षेत्र के कुबा माेड़ के पास शुक्रवार को रात में अज्ञात वाहन के टक्कर से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शिनाख्त कराकर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
कुबा खुर्द गांव निवासी दशमी राम (72) किसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल गए थे। रात में वे पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में कुबा मोड़ के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में दशमी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी इंद्र भूषण मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जहां डाॅक्टर ने दशमी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजनाें में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन के टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।