स्थानीय ब्लाॅक क्षेत्र में महिलाएं गोबर से ऊपलियां नहीं पाथेंगी। बल्कि मशीन से लकड़ी के बोटे की तरह दिखने वाले लट्ठ तैयार कर ईट भट्ठों को आपूर्ति कर आत्मनिर्भर बनेंगी। मुख्य विकास अधिकारी की पहल पर जिले के जमालपुर ब्लाॅक क्षेत्र के भाईपुर में पहली मशीन स्थापित की गई है। मंगलवार को खंड विकास अधिकारी डॉ रक्षिता सिंह ने उक्त मशीन का उद्घाटन कर महादेव आजीविका समूह मिशन की महिलाओं को हैंडओवर किया। खंड विकास अधिकारी ने बताया मशीन की कीमत 72000 रुपये हैं। मशीन से तैयार होने वाले लट्ठ ईट भट्ठों को आपूर्ति की जाएगी। बीडीओ ने बताया मुख्य विकास अधिकारी की पहल पर ब्लाॅक क्षेत्र के भाईपुर में ट्रायल के तौर पर मशीन स्थापित की गई है। इसके बाद अन्य ग्राम पंचायतों में स्थापित की जाएगी। बीडीओ ने बताया इससे जहां पशुओं के प्रति लोगों का रुझान बढ़ेगा वहीं गोबर से लट्ठ तैयार कर हुई बिक्री से समूह से जुड़ी एक दर्जन महिलाओं की आमदनी भी बढ़ेगी। इस दौरान एडीओ मुकेश शर्मा, विभा मौजूद रहीं।