ज्ञानपुर। विधानसभा निर्वाचन नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर बीएसए शिवम पांडेय ने 10 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक को नोटिस जारी किया है। तीन दिन में स्पष्टीकरण न देने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी है। कहा कि महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिले की तीनों तहसीलों में 1256 बूथों पर एसआईआर का कार्य चल रहा है। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सेवक, शिक्षक, अनुदेशक ओर शिक्षामित्रों की ड्यूटी बीएलओ के रूप में लगाई गई है। प्रशासनिक अफसर एसआईआर को लेकर अलर्ट हैं लेकिन कुछ बीएलओ पर इसका असर नहीं पड़ता। वे काम के प्रति उदासीन बने हैं। उनके यहां गणना प्रपत्र अपलोडिंग की स्थिति 50 फीसदी से भी कम है। तहसीलों से आई रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने शुक्रवार को 10 शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशकों को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने एसआईआर कार्य में लगे कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है। कहा कि इसमें किसी स्तर पर लापरवाही न की जाए। बीएसए ने नोटिस में कहा कि एसआईआर कार्य पूर्णतः समयबद्ध है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं है। अनुपस्थित कार्मिकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण साक्ष्यों के साथ प्रस्तुत करें।