मिर्जापुर। जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक में जिला कृषि अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य के अनुपस्थित रहने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सीडीओ विशाल कुमार ने लीड बैंक मैनेजर से कहा कि एक व्हाटसएप ग्रुप बनाएं। उसमें सभी बैंक के नोडल अधिकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं से सम्बन्धित जो भी अधिकारी हों, उन्हें जोड़ें।
उन्होंने सभी बैंक मैनेजरों को निर्देशित करते हुए कहा कि शासन द्वारा जो भी लाभार्थीपरक योजनाए चलाई जा रही हैं, उन योजनाओं के आवेदनों को निर्धारित समय के अन्दर निस्तारण करें। उन्होंने पीएम स्वानिधि योजना के अन्तर्गत लम्बित प्रकरणों को समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि हलिया, लालगंज व राजगढ़ क्षेत्रान्तर्गत जो भी बैंक शाखाएं हैं। उन शाखाओं में लम्बित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का निर्देश दिया। बैठक में लीड बैंक मैनेजर, उपायुक्त एनआरएलएम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ राजेश सिंह आदि उपस्थित रहे।