मिर्जापुर। नगरीय निकायों में अध्यक्ष व वार्ड सभासद के चुनाव के लिए 17 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। नगर पालिका परिषद मिर्जापुर व कछवां नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के दावेदारों का नामांकन एसडीएम सदर के न्यायालय में होगा। साथ ही मिर्जापुर नगर पालिका के सभासद पद के दावेदारों का नामांकन सदर तहसील परिसर तथा नगर पंचायत कछवां के सभासद पद के दावेदारों का नामांकन अपर उप जिलाधिकारी सदर के कार्यालय में होगा। निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 17 से 24 अप्रैल तक चलेगी। इसके बाद 25 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। तत्पश्चात 27 अप्रैल को नाम वापसी और 28 अप्रैल को चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा। मतदान 11 मई को सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। मतगणना 13 मई को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
नगर पालिका मिर्जापुर के सभासद पद के दावेदारों का नामांकन वार्ड संख्या के अनुसार होगा। सदर तहसील में नायब तहसीलदार सदर के न्यायालय कक्ष में वार्ड संख्या एक से छह तक के सभासद प्रत्याशी नामांकन करेंगे। सात से 10 तक वार्ड प्रत्याशी नायब तहसीलदार छानबे, 11 से 15 वार्ड तक के सभासद प्रत्याशी नायब तहसीलदार पहाड़ी, 16 से 20 तक के सभासद प्रत्याशी नायब तहसीलदार मझवां के कक्ष में नामांकन करेंगे।
इसके अलावा वार्ड 21 से 25 तक के सभासद प्रत्याशी तहसीलदार सदर, वार्ड 26 से 30 तक के प्रत्याशी तहसीलदार न्यायिक के कक्ष मेें, 31 से 34 तक के सभासद प्रत्याशी तहसील सभाकक्ष तथा 35 से 38 वार्ड के सभासद पद के प्रत्याशी संग्रह कार्यालय में नामांकन कर सकेंगे। अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रताप शुक्ल ने बताया कि चुनाव की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नामांकन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगा।
उधर, निकाय चुनाव में प्रत्याशियों के नामांकन के लिए प्रशासन की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार से उम्मीदवार नामांकन करेंगे। चुनार तहसील में नगर पालिका चुनार व नगर पालिका अहरौरा के सभासद व अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। चुनार नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए एसडीएम चुनार न्यायालय कक्ष व नगर पालिका अध्यक्ष अहरौरा के लिए नायब तहसीलदार हवेली न्यायालय कक्ष में नामांकन किया जाएगा। नगर पालिका चुनार के वार्ड सभासदों के लिए तहसील परिसर स्थित कोषागार कार्यालय के सामने तहसील सभागार की पांच खिड़कियों पर प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके तहत क्रमश: वार्ड नंबर एक से पांच, वार्ड संंख्या छह से 10, वार्ड संख्या 11से 15, वार्ड संख्या 16 से 20 व वार्ड संख्या 21 से 25 के लिए उम्मीदवार नामांकन करेंगे। इसी प्रकार अहरौरा नगर पालिका के सभासद पद के नामांकन के लिए तहसील के प्रवेश द्वार के सामने परिसर में पांच काउंटर बनाए गए हैं। इसके तहत वार्ड संख्या एक से पांच, वार्ड संख्या छह से दस, वार्ड संख्या 11 से 15, वार्ड संख्या 16 से 20 व वार्ड संख्या 21 से 25 के लिए उम्मीदवार अपना नामांकन करेंगे। उप जिलाधिकारी व उप निर्वाचन अधिकारी नगर पालिका चुनार नवनीत सेहरा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।