मिर्जापुर। अस्पताल में मरीजों को लाने के लिए एंबुलेंस का आना-जाना लगा रहता है, पर मंडलीय अस्पताल में बेहतर पार्किंग सुविधा न होने से एंबुलेंस तो दूर की बात है अन्य वाहन से आने वाले मरीजों को अंदर पहुंचाने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिलाधिकारी ने बेहतर पार्किंग व्यवस्था करने का निर्देश दिया था पर अब तक व्यवस्था नहीं हो सकी है।
मंडलीय अस्पताल में पार्किंग की व्यवस्था पिछले तीन वर्ष से नहीं है। अस्पताल में बेतरतीब तरीके से गाड़ियां खड़ी रहती हैं। पुरानी इमरजेंसी से लेकर अस्पताल चौकी गेट तक, दूसरी ओर ट्राॅमा सेंटर, जिला महिला अस्पताल और इमरजेंसी तक वाहन खड़े रहते हैं। इस कारण अस्पताल में किसी भी गेट से अंदर घुसना मुश्किल रहता है। 12 दिन पहले जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंची थीं। इस दौरान उनकी गाड़ी अस्पताल के अंदर नहीं जा सकी थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई थी। पार्किंग व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। तीन दिन पहले जिलाधिकारी ने दोबारा अस्पताल का निरीक्षण किया पर व्यवस्था वैसी ही मिली। जिलाधिकारी ने अस्पताल के पीछे खड़ी कंडम एंबुलेंस को हटाकर तीन दिन के अंदर पार्किंग व्यवस्था को बेहतर करने का निर्देश दिया, पर व्यवस्था नहीं बदल सकी। सोमवार को अस्पताल के पुलिस चौकी गेट के पास ही बाइकें खड़ी हो गई। एंबुलेंस क्या बाइक तक ले जाना संभव नहीं था।
अस्पताल के पीछे पड़ी कंडम एंबुलेंस को और पीछे कराया गया है। काफी स्थान खाली कराया गया है। जल्द पीछे की ओर पार्किंग को शिफ्ट कर दिया जाएगा।