मिर्जापुर। जिले के मझवां विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए शुक्रवार से नामांकन शुरु हो गया। पहले दिन कोई नामांकन तो नहीं हुआ लेकिन 12 नामांकन पत्र (पर्चे)। लिए गए। बहुजन समाज पार्टी व समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए नामांकन प्रपत्र लिए गए। इसके साथ ही कई अन्य पंजीकृत दलों के प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों ने नामांकन पत्र लिए।
पहले दिन जिन लोगों ने नामांकन प्रपत्र लिए उनमें, इंडियन नेशनल समाज पार्टी की प्रिया सिंह ने दो सेट, प्रगतिशील पार्टी के स्वयंवर ने दो सेट, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी दीपक तिवारी के लिए राजकुमार ने तीन सेट में नामांकन पत्र लिया। इसी प्रकार समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी ज्योति बिंद के लिए चंद्रमा प्रसाद ने चार सेट में नामांकन पत्र लिया। इसी प्रकार विश्व कल्याण राष्ट्रीय मानव समाज पार्टी के लालचंद्र ने एक सेट, एनसीपी के डा. अखिलेश कुमार ने चार सेट, निर्दलीय रामविलास ने एक सेट, निर्दलीय रामलखन ने दो सेट, निर्दलीय महेश कुमार ने एक सेट तथा निर्दलीय कमलेश कुमार ने एक सेट में कमलेश कुमार पाल के लिए नामांकन प्रपत्र लिया। इसके साथ ही आजाद समाज पार्टी काशीराम के धीरज कुमार मौर्य ने तीन सेट व आजाद समाज पार्टी के प्रह्लाद ने एक सेट में नामांकन पत्र लिया। रिटर्निंग आफिसर एसडीएम सदर गुलाब चंद्र रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया
मिर्जापुर। विधानसभा मझवा उप निर्वाचन 2024 के लिए शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन ने नामांकन कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने सावधानी बरतने और लापरवाही नहीं करने की हिदायत दी ।
सुरक्षा में तैनात रही पुलिस
मिर्जापुर। नामांकन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपर जिलाधिकारी भू- राजस्व के न्यायालय कक्ष में होना है। सुरक्षा के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस तैनाती रही। नामांकन स्थल तक जाने के लिए बने दरवाजे पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है।