मिर्जापुर। चुनार पुलिस ने शुक्रवार की शाम को कैलहट शिवशंकरी धाम मंदिर के पीछे दबिश देकर रेलवे केबिन से बैट्री और कॉपर प्लेट चोरी कर बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गैंग के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया। मामले का खुलासा एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में किया।
चुनार थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कैलहट शिवशंकरी धाम मंदिर के पीछे रेलवे का सामान चोरी करने वाले गिरोह के लोग बैठे है। सामान बेचने के बारे मेें चर्चा कर रहे है। इसके बाद एसओजी, सर्विलांस और आरपीएफ टीम के साथ चुनार पुलिस ने दबिश दिया। घेरेबंदी कर मौके से नौ आरोपी विनोद कुमार पटेल निवासी भभूआर नरायनपुर थाना अदलहाट, शिवम पाण्डेय निवासी बैकुंठपुर नरायनपुर थाना अदलहाट, विशाल साहनी निवासी नारायनपुर थाना अदलहाट, सत्यम पटेल निवासी साहूपुरी थाना अलीनगर जनपद चन्दौली, सुजीत कुमार पटेल निवासी भभूआर नरायनपुर थाना अदलहाट, राहुल गुप्ता निवासी नौसरथा थाना बबुरी जनपद चन्दौली, अनिल गुप्ता निवासी पथरौरा थाना अदलहाट, कृष्ण कुमार उर्फ रिकू अग्रहरी निवासी नरायनपुर थाना अदलहाट, अरूण अग्रहरी निवासी नारायनपुर थाना अदलहाट को गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी की सात बैट्री, 21 किलो 700 ग्राम कॉपर प्लेट, एक लोहे का सब्बल, एक छेनी, एक हथौड़ी, एक पिलास, एक पेचकस, एक कटर और चोरी के सामानों की बिक्री से प्राप्त 4350 रुपये, चार मोबाइल फोन बरामद किया। एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया गया कि हम लोगो का एक गैंग है। जो दिन में रेकी कर रात में योजना के तहत रेलवे केबिन में लगने वाली बैट्री, कॉपर प्लेट और अन्य प्रकार के सामानों को चुराकर कबाड़ व्यापारी राहुल गुप्ता, अनिल गुप्ता, कृष्ण कुमार उर्फ रिंकू अग्रहरी और अरूण अग्रहरी को बेच देते है। जिससे अच्छी आमदनी हो जाती है। अर्जित धन को आपस में बांट लेते हैं।