मिर्जापुर। जिले में शिक्षण संस्थाओं के लिए यू-डायस कोड आवंटन के लिए नई समय सारिणी जारी कर दी गई है। इस माह के अंत तक विद्यालयों से निर्धारित बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई है।
पिछली बार लगभग 36 बिंदुओं पर विद्यालयों से सूचना मांगी गई थी। इसमें विद्यार्थियों व शिक्षकाें के आंकड़े की संख्या के साथ ही अन्य सूचना मांगी गई थी। इस बार इसमें तीन अन्य बिंदुओं को जोड़ दिया गया है। इसमें विद्यार्थियों की ऊंचाई के साथ ही उनका वजन और रक्त समूह की जानकारी संबंधी बिंदु भी जोड़ा गया है। अब प्रत्येक विद्यालय को अन्य जानकारियों के साथ ही यह सूचना भी उपलब्ध करानी होगी। इसके साथ ही अब प्रत्येक विद्यालय को 39 बिंदुओं पर जानकारी साझा करनी होगी। इसके बाद उनको कोड का आवंटन किया जाएगा। यू-डायस कोड सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थाओं को आवंटित किया जाना है। इसके लिए सभी को डाटा अपलोड करने को कहा गया है। बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि डाटा के लिए सभी विद्यालयों को सूचित कर दिया गया है। यह महत्वपूर्ण कार्य है। सभी शिक्षण संस्थाओं को निर्धारित समय में डाटा अपलोड कराने का निर्देश दिया गया है। जिले में लगभग 3300 शिक्षण संस्थाएं हैं।