जिगना। परमानपुर में सोमवार की देर शाम पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की। सूचना पाकर मौके पर पीआरवी पुलिस पहुंची तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर बंदूक तान दिया। पुलिस ने मशक्कत कर आरोपी को हिरासत में लिया। उसकी बंदूक और कारतूस को जब्त किया।
ग्राम गौरा के परमानपुर निवासी हरिशंकर पांडेय और पड़ोस के गिरजाशंकर पांडेय में आपसी रंजिश है। आरोप है कि सोमवार की देर शाम गिरजाशंकर पांडेय ने पड़ोसी हरिशंकर पांडेय को गाली दे रहा था। हरिशंकर के बेटे लवकुश और पोते सौरभ ने विरोध किया तो गिरजाशंकर ने घर में से लाइसेंसी बंदूक लाकर फायर कर दी। लवकुश ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पीआरवी- 112 के दीवान बाबूराम यादव पर भी आरोपी ने बंदूक तान दिया। दीवान ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। दीवान की सूचना पर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार राय ने बताया कि सौरभ पांडेय की तहरीर पर आरोपी गिरजाशंकर पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के बंदूक की लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी गिरजा शंकर पांडेय ने पड़ोसी के घर पर गोली चलाई है। आरोपी गिरजा शंकर पांडेय पुलिस की हिरासत में है। उसका लाइसेंसी असलहा जब्त कर लिया गया है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।