मिर्जापुर। नगर पालिका प्रशासन की तरफ से क्षेत्र में स्थित नालों व नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए 16 जून से अभियान चलाया जाएगा। अभियान की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि अतिक्रमण के कारण साफ-सफाई में असुविधा हो रही है। समस्या को देखते हुए 16 जून से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 जून को स्टेशन रोड चौराहे से संगमोहाल चौराहा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसी प्रकार 17 जून को संगमोहाल चौराहे से डंकिनगंज चौराहे और 19 जून को डंकिनगंज चौराहे से घंटाघर चौराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। अगले दिन 20 जून को घंटाघर चौराहे से ओलियर घाट चौराहा होते हुए संकटमोचन मंदिर और 21 जून को घंटाघर चौराहे से त्रिमुहानी चौराहा तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसी तरह से 22 जून को त्रिमुहानी चौराहा से केबी डिग्री काॅलेज, 23 को साईं मंदिर वासलीगंज से गिरधर चौराहा, 24 को गिरधर चौराहा से तहसील चौराहा, 26 को केबी डिग्री काॅलेज से इमामबाड़ा होते हुए जान्हवी होटल तथा 27 जून को रमईपट्टी चौराहे से पक्का पोखरा तक नाला-नालियों पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर अभियंता विपिन मिश्रा को अभियान का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनकी देखरेख में यह अभियान चलाया जाएगा।