हलिया क्षेत्र के हथेड़ा में गिरा कच्चे मकान की दीवार।- सोशल मीडिया।
हलिया। लगातार चार दिनों से हो रही बारिश के बीच शनिवार सुबह हथेड़ा गांव में कच्चे मकान की दीवार अचानक गिर गई। मलबे में दबने से हथेड़ा गांव निवासी रमेश की पुत्री रविता (13) और ननिहाल आई ददरी गांव निवासी खुशबू (17) घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल बालिका को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद निजी साधन से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया ले जाया गया। चिकित्सक विमल कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। रविता की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि खुशबू का उपचार पीएचसी में चल रहा है।