प्रदेश स्तरीय कुश्ती में सिल्वर मेडल जीत बढ़ाया मान
मिर्जापुर। नोएडा में चल रहे प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में जमालपुर के सरसा गांव निवासी पहलवान ने सिल्वर मेडल जीतकर क्षेत्र का ही नहीं बल्कि जिले का मान बढ़ाया है। क्षेत्र के सरसा गांव निवासी रवींद्र यादव का 17 वर्षीय पुत्र शुभम किशोर यादव देवकली इंटर कालेज में कक्षा 11 का छात्र है। कुश्ती की कला उसे विरासत में मिली है। उसके दादा शिव पहलवान अखाड़ा चलाते है। उनके अखाड़े से सैकड़ों पहलवान निकल कर विश्व स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुके है। शुभम के पिता रवींद्र यादव ने भी विश्व स्तर के प्रतियोगिता में अपना जौहर दिखा चुके है। पिता रवींद्र कुमार यादव कुश्ती के बल पर ही रेलवे में नौकरी कर रहे है। दादा और पिता से विरासत में मिले कुश्ती कौशल के बल पर जिले से 71 किलो भार वर्ग में शुभम किशोर यादव का उत्तर प्रदेश कुश्ती प्रतियोगिता में चयन हुआ। मंगलवार को हुई प्रतियोगिता में शुभम ने विपक्षी को चित कर सिल्वर मेडल जीत जिले का मान बढ़ाया।