राजगढ़। मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर स्थित करमा पेट्रोल पंप के पास कार की टक्कर से बाइक सवार युवक समेत उसकी मां और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान हादसे में घायल मां की मौत हो गई। युवक को सीएचसी राजगढ़ में भर्ती किया गया, जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
सोनभद्र जनपद के करमा थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी संतोष कुमार यादव (35) अपनी पत्नी कौशल्या देवी (32) तथा मां कुमारी देवी (55) को बाइक पर बैठाकर वाराणसी इलाज कराने जा रहे थे। बाॅर्डर पर सोनभद्र के करमा पेट्रोल पंप के पास पेट्रोल भरवाने बाद बिना पीछे देखे उन्होंने बाइक मोड़ दी। इससे पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। कार के टक्कर से बाइक सवार मां, पुत्र और पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने वाले कार चालक ने अपने वाहन से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान कुमारी देवी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कौशल्या को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। घायल संतोष का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में इलाज चल रहा है। सीएचसी के डाॅक्टर की सूचना पर पहुंची करमा थाने की पुलिस ने कार और शव को कब्जे में ले लिया। कार पुलिस सोनभद्र के करमा थाने ले गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीएचसी पर तैनात डाॅ. अजित केशरवानी ने बताया कि कार के टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं समेत तीन लोग घायल हो गए थे। जिसमें से इलाज के दौरान कुमारी देवी की मौत हो गई। दूसरी महिला की हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। युवक को हल्की चोटें लगी हैं। उसकी स्थिति सामान्य है।