अपना दल एस के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य आशीष पटेल की मां कृष्णावती देवी (70) का मंगलवार रात्रि चित्रकूट में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं। उनके निधन से अपना दल एस में शोक की लहर दौड़ गई है। अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय वाणिज्य उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल अपनी सास के निधन से काफी आहत हैं। उन्होंने ट्वीट कर दुख जताया है। वे भी वाराणसी एयरपोर्ट आईं और वहां से सड़क के रास्ते चित्रकूट पहुंचीं। पार्टी के कार्य से लखनऊ गए आशीष पटेल मां की तबीयत खराब होने की सूचना पर पहले ही चित्रकूट पहुंच गए थे। देर रात कृष्णावती देवी का निधन हो गया। विधानपरिषद सदस्य की मां का अंतिम संस्कार उनके मूल निवास हनुमानगंज, लौरी, रैपुरा, चित्रकूट में दोपहर बाद किया गया। पार्टी के कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी चित्रकूट पहुंचे।