मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के नटवा रेलवे पुल के नीचे पानी भरे होने के कारण रविवार रात रेलवे क्रासिंग पार कर रहीं सास-बहू की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। साथ के दो लोग बाल-बाल बच गए।
भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के हृदईपुर निवासी भगवानी देवी (60) अपनी बहू रानी देवी (40) पत्नी मनोज सोनकर, पुत्र सुरेंद्र (35) और पुत्री हिरन (38) के साथ देहात कोतवाली क्षेत्र के मुहकुचवा स्थित बड़ी पुत्री पूजा के घर रविवार सुबह मिलने आईं थीं। रविवार देर शाम को घर जाने के लिए सभी निकले उनको शास्त्री पुल से गाड़ी पकड़नी थी। उसी दौरान हुई तेज बारिश से नटवा पुल के नीचे पानी भर गया। जिससे सभी लोग ऊपर से रेलवे क्त्रसॅसिंग पार करने लगे। तभी ट्रेन की चपेट में आने से भगवानी देवी और बहू रानी देवी की कट कर मौके पर ही मौत हो गई। साथ के दो लोग बाल-बाल बच गए। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर कटरा कोतवाल नवीन तिवारी मौके पर पहुंचे और शवों को ट्रैक से हटवाया।