मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के पेहटी का चौराहा चिनिहवा इनारा मार्ग पर स्थित भैरव जी मंदिर के पास स्थित मकान में शनिवार की देर शाम घुसे बदमाशों ने महिला और दो मासूमों पर धारदार हथियार और मूसल से हमला कर लहूलुहान कर दिया। जब तक परिवार के लेाग कमरे और छत पर जाते तब तक बदमाश भाग गए। लहूलुहान बच्चों को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर तीनों को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी होने के बाद डीआईजी, एसपी, क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अंजनी केशरवानी अपने भाइयों के परिवार के साथ पेहटी चौराहा स्थित मकान में रहते हैं। शनिवार की शाम को वह तीन मंजिला मकान के निचले तल पर बने मंदिर में पूजा कर रहे थे। शाम पौने आठ बजे के करीब परिवार के सदस्यों ने कहा कि ऊपर कमरे से आवाज आ रही है। वे दौड़ कर गए तो कमरा अंदर से बंद था। अंजनी ने कमरे की खिड़की से हाथ डालकर दरवाजा खोला तो उनकी पत्नी रितू (35)लहूलुुहान पड़ी थी। छत पर जाकर देखा तो दोनों बच्चे तेजस (6), विराट (3) भी लहूलुहान थे। आनन-फानन में परिजन तीनों को मंडलीय अस्पताल लेकर भागे। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने लाठी-डंडा लेकर खोजबीन की पर कोई नहीं मिला। सूचना पर डंकीनगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत नाजुक होने पर उनको ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर डीआईजी आरके भारद्वाज, एसपी अजय कुमार सिंह, क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम के साथ मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुटे हैं।