अदलहाट। थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग पर स्थित हाजीपुर गांव के सामने रविवार को देर रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से मोपेड सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल को सीएचसी अहरौरा भेजवाया। जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख घायल को ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
गोंडा जिले के खरगीपुर थाना क्षेत्र के ओरीपुरवा गांव निवासी प्रेमनाथ (50) कई साल से झारखंड में हींग बेचने का काम करते हैं। वे अपनी मोपेड से झारखंड से अपने गांव ओरीपुरवा लौट रहे थे। रास्ते में अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव के सामने विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। इस हादसे में प्रेमनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी अहरौरा भेजवाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है।