राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक मोहन भागवत सोमवार को विंध्याचल महुआरी कला स्थित देवरहा हंस आश्रम में अपने तय समय से दो घंटे पहले पहुंच गये। आश्रम पहुंचकर उन्होंने बाबा का आशीर्वाद लिया और उनके साथ सत्संग किया। बाबा ने भी प्रसन्न मुद्रा में उनको आशीर्वाद दिया।
निर्धारित समय से पहले आश्रम पहुंचने पर व्यवस्था में जुटे लोगों की सक्रियता एकबारगी तेज हो गई। हालांकि उनके आगमन के मद्देनजर तैयारियां पूरी थीं, लेकिन एकाएक उनके आ जाने से लोग सकते में आ गए, हालांकि कुछ ही देर बाद स्थिति सामान्य हो गई। बाबा के साथ सत्संग करने के बाद उन्होंने थोड़ी देर विश्राम किया और संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। साथ ही आश्रम के विभिन्न पदाधिकारियों से भी मुलाकात की।
संघ प्रमुख के आगमन को लेकर महुवारी आश्रम में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। अटल चौक से महुआरी कला स्थित हंस बाबा आश्रम तक जगह-जगह पुलिस एवं पीएसी की ड्यूटी लगाई गई है। आश्रम में किसी भी व्यक्ति का प्रवेश निषेध कर दिया गया है। यहां तक कि संघ प्रमुख मोहन भागवत के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि आश्रम में एक रात विश्राम करने के पश्चात संघ प्रमुख 28 फरवरी को सुबह 10 बजे प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेंगे। उसके पूर्व आश्रम में स्थित हनुमान जी के मंदिर में 51 मन लड्डू का भोग लगाया जाएगा। उनके आगमन को लेकर आश्रम में संघ के कई पदाधिकारी एक-दो दिन पहले से ही मौजूद हैं। उनकी देखरेख में व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान क्षेत्र प्रचारक अनिल, प्रांत प्रचारक रमेश, सोहनलाल श्रीमाली, अंगराज सिंह, शरद उपाध्याय, मिलन आदि मौजूद रहे।
उधर, संघ प्रमुख मोहन भागवत देवरहा हंस बाबा आश्रम में गोशाला के पास पुराने हनुमान मंदिर में लगाए जाने वाले श्रीराम चरित मानस के शिलापट्ट का 28 फरवरी को पूजन करेंगे। इसके बाद अन्य कार्यक्रम होंगे। शिलापट्ट पर स्तुति व प्रार्थना लिखी गई है। इसको लेकर सोमवार को दिन भर तैयारियां चलती रहीं।