विंध्याचल। प्रयागराज मंडल के एडीआरएम (इंफ्रा) नवीन प्रकाश ने शुक्रवार को दोपहर में विंध्याचल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म के प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर, पूछताछ कक्ष, सीसीटीवी कक्ष, स्टेशन मास्टर व अधीक्षक कक्ष, जीआरपी चौकी और प्लेटफार्म नंबर पर बने यात्री प्रतीक्षालय के सभी कमरों का निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से स्टेशन पर उपलब्ध कराई जाने वाली अत्याधुनिक सुविधाओं के संबंधित कार्ययोजना के बारे में चर्चा की। इस दौरान प्लेटफार्म एक के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में स्टेशन के विस्तार के लिए चिह्निकरण भी किया गया। प्रयागराज मंडल के कई रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिकीकरण किया जाना है। एडीआरएम ने बताया कि कुछ योजनाएं प्रस्तावित हैं। उन्हीं योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए स्टेशन का निरीक्षण किया जा रहा है। जल्द ही आगे की जानकारी दी जाएगी। स्टेशन अधीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत विंध्याचल स्टेशन का चयन किया गया है। इसके तहत स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जाना है। आधुनिकीकरण के लिए ही निरीक्षण किया गया है।