मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को विधानसभा 395-छानबे (आरक्षित) उप चुनाव 2023 के लिए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आदर्श आचार संहिता एवं शांति व्यवस्था की जानकारी दी गई।जिला निर्वाचन अधिकारी, जिलाधिकारी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसका कड़ाई से पालन किया जाय। डीएम ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल गाड़ी में बैनर- पोस्टर साथ लेकर न चलें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अधिकतम 40 लाख रुपये व्यय कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोई दल सरकारी संपत्ति पर बैनर पोस्टर नहीं लगायेंगे। कोई भी ऐसा कोई कार्य न करें जिससे विभिन्न जातियों और धार्मिक भाषायी समुदायों में मतभेदों को बढ़ाये या घृणा की भावना उत्पन्न हो, तनाव पैदा हो। मस्जिदों, गिरजाघरों, मन्दिरों या पूजा के अन्य स्थानों का निर्वाचन प्रचार के मंच के रूप में प्रयोग नहीं किया जायेगा।
राजनीतिक दलों या उम्मीदवारों के द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जाय कि उनके समर्थक अन्य दलों द्वारा आयोजित सभाओं-जुलूसों आदि आदि में बाधायें उत्पन्न न करें। किसी भी दल के द्वारा जुलूस उन स्थानो से होकर नही ले जाया जायेगा, जिन स्थानों पर दूसरे दल द्वारा सभाए की जा रही हों। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने निर्वाचन के कार्यक्रम की जानकारी दी। कहा कि निजी भवनों पर बैनर, झंडे व पोस्टर आदि लगाया जा सकता है परंतु भवन स्वामी से लिखित में अनुमति ली जायेगी। प्रचार प्रसार के लिए वाहन की अनुमति आनलाइन ली जायेगी और रिटर्निंग आफिसर द्वारा अनुमति आनलाइन ही दी जायेगी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन की घोषणा के बाद से ही जिले में धारा-144 लागू हैं।
मिर्जापुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवप्रताप शुक्ल ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन में उम्मीदवार द्वारा जमानत धनराशि सामान्य उम्मीदवार के लिये रुपये दस हजार तथा अनुसूचित जाति अथवा जनजाति के लिये पांच हजार रुपये है। विधानसभा 395-छानबे में पुरूष मतदाता 191244, महिला 172280 तथा थर्ड जेण्डर मतदाता 26 इस प्रकार कुल 363550 मतदाता हैं। 301 मतदान केन्द्र एवं 444 मतदेय स्थल हैं। बैठक में सांसद अनुप्रिया पटेल के प्रतिनिधि उदय पटेल, जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी देवी प्रसाद चौधरी, जिला अध्यक्ष बसपा राजेश गौतम, अपना दल एस इंजीनियर राम लौटन बिन्द, जिला महामंत्री भाजपा हरिशंकर सिंह पटेल, प्रियांशु गुप्ता भाकपा, अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल ओम प्रकाश सिंह, उप जिलाधिकारी लालगंज भरत लाल सरोज, मुख्य कोषाधिकारी अर्चना त्रिपाठी, सहित अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।