मिर्जापुर। महुवरिया स्थित पीएम श्री राजकीय इंटर काॅलेज के मैदान में चल रही 68वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयीय बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता के चौथे दिन बृहस्पतिवार को अंडर-19 बालिका वर्ग का सेमीफाइनल हुआ। इसमें मिर्जापुर ने प्रयागराज को 32-05 से हराकर कांस्य पदक जीता।
अंडर-19 बालिका वर्ग का पहला सेमीफाइनल वाराणसी व मिर्जापुर के बीच हुआ। जिसमें वाराणसी ने मिर्जापुर को 38-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसी वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में अलीगढ़ ने प्रयागराज को 28-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इसके अलावा अंडर-14 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल में आगरा ने बस्ती को 38-17 से हराया। अयोध्या ने सहारनपुर को 28-26, आजमगढ़ ने प्रयागराज को 34-26 और स्पोर्ट्स काॅलेज सैफई ने वाराणसी को 39-29 से हराया। अंडर-17 बालक वर्ग में सहारनपुर ने प्रयागराज को 47-46 से हराया। स्पोर्ट्स काॅलेज सैफई ने आजमगढ़ को 33-30 से हराया। वाराणसी ने आगरा को 36-17 और मेरठ ने मिर्जापुर को 47-33 से हराया। इसी प्रकार अंडर-17 बालिका वर्ग में वाराणसी ने प्रयागराज को 33-10 से हराया। आगरा ने कानपुर को 20 अंकों से हराया। कानपुर की टीम कोई अंक प्राप्त नहीं कर सकी। मेरठ ने बस्ती को 29-07 से हराया। आजमगढ़ ने मुरादाबाद को 35-11 से हराकर विजय हासिल की। इसी प्रकार अंडर-19 बालिका वर्ग में वाराणसी ने 38-14 से गोरखपुर को हराया। मिर्जापुर ने कानपुर को 40-20 से हराया। प्रयागराज ने 27-19 से देवीपाटन मंडल को हराया। अलीगढ़ ने सहारनपुर को 39-11 से हराया। इससे पहले चौथे दिन के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल का आयोजकों ने पुष्प गुच्छ, मोमेंटो देकर स्वागत किया। भाजपा नेता ने कहा कि खेल को खेलभावना के साथ खेलना चाहिए। खेल जाति व धर्म के बंधन को तोड़ता है। डीआईओएस राजकुमार दीक्षित,राजेंद्र सिंह, उदय भान, जयसिंह, राजवंत सिंह, प्रवीण सिंह राहुल, अशोक कनौजिया, प्रेमचंद, महेंद्र नाथ आदि मौजूद रहे।