जमालपुर थाना क्षेत्र के डोहरी गांव के पास शुक्रवार को बालू लदे तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से मां, बेटे और नातिन की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
तीन लोगों की मौत की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे को लेकर लोगों में नाराजगी रही। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। इससे दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
सूचना मिलने पर जमालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।