मिर्जापुर। सुबह आसमान में बादलों की आंख मिचौनी के बीच दिन में धूप के तेवर कड़े रहे। तेज धूप के चलते प्रचंड गर्मी में लोग परेशान रहे। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा रहा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप होने के कारण तमाम लोग घर के बाहर नहीं निकले। इससे बाजारों में भी सन्नाटा रहा। बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को ढक कर ही निकले। तापमान में हुई वृद्धि से लोग परेशान रहे। सुबह कुछ देर के लिए बादल घिरने से लोग राहत की उम्मीद लगा रहे थे, लेकिन दोपहर में तेज धूप निकलने से लोग बेहाल रहे। बाहर कुछ देर चलने के बाद लोगों का गला सूख रहा था। थोड़ी-थोड़ी देर पर गला तर करने के लिए लोग ठंडा पानी तलाश रहे थे। गर्मी व तपिश के बीच शीतल पेय पदार्थों की मांग बढ़ी रही। गन्ने के रस व शीतल पेय पदार्थों के दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।