मिर्जापुर। सपा कार्यकर्ताओं ने सराफा व्यवसायी और कैश वैन लूट कांड के अलावा पार्टी के बूथ अध्यक्ष सोहन यादव की हत्या मामले का खुलासा करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच कर तीन सूत्रीय मांग पत्र दिया।
जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि जनपद में आए दिन हत्या, लूट, अपहरण व दुष्कर्म आदि की घटनाएं हो रही हैं। मड़िहान थाना क्षेत्र के सेमरी और खुटारी गांव के बीच सराफा व्यवसायी अजीत केसरी व उनके भाई अजय केसरी को गोली मारकर 30 लाख की लूट हुई। कटरा कोवताली क्षेत्र के बेलतर स्थित एक्सिस बैक के पास 12 सितंबर 2023 को हुए कैश वैन वाहन लूट कांड का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। अदलहाट थाना क्षेत्र के टेड़ुआ गांव निवासी समाजवादी पार्टी के बूथ अध्यक्ष सोहन यादव हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने इन मामलों का जल्द खुलासा करने की मांग की। इस दौरान आदर्श यादव, झल्लू यादव, श्याम अचल यादव, अमिताभ पाण्डेय, अंकुर यादव आदि मौजूद रहे।