लालगंज। प्रयागराज कुंभ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शासनस्तर के निर्देश पर आसपास के जिलों में भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। निर्देश के क्रम में जिला प्रशासन की तरफ से भी अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए छह थानों में मेडिकल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। जिले के लालगंज कोतवाली में मेडिकल सेंटर स्थापित करने का अंतिम चरण में है।
प्रयागराज में आयोजित होने वाले कुंभ मेला में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आसपास के जिलों मिर्जापुर, प्रतापगढ़, कौशांबी और भदोही में भी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। कुंभ के दौरान किसी भी श्रद्धालु के घायल या बीमार होने पर इन थानों में स्थित मेडिकल सेंटर पर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस की मदद से मरीज को नजदीक के अस्पताल पहुंचाने की भी व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन इस बार की तैयारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। लालगंज, ड्रमंडगंज, विंध्याचल, चील्ह, हलिया समेत छह थानों मेडिकल सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें से ज्यादातर थानों में निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। दिसंबर तक इन्हें पूरी तरह से तैयार कर लेने का लक्ष्य है। कार्यदायी संस्था पुलिस आवास निगम के सहायक अभियंता रहमान ने बताया कि निर्माण का काम अंतिम चरण में है। दिसंबर माह तक सभी तैयारियां पूरी करा ली जाएंगी। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कुंभ मेला के लिए मेडिकल सेंटर बनाए जा रहे हैं।