चुनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को दोपहर में विवाहिता के कमरे में घुसकर आग लगाए जाने से झुलसी विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। उसके मित्र का उपचार बीएचयू में चल रहा है। पुलिस विवाहिता के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती का विवाह इसी वर्ष जून माह में मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हुआ है। वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र निवासी युवक अजित कुमार पटेल (24) उसका मित्र था। बुधवार को दोपहर बाद विवाहिता का मित्र अजित उसके घर पहुंच गया। मौका पाकर उसने विवाहिता के कमरे में घुस कर अंदर से कुंडी लगा दी। इसके बाद अजित ने पेट्रोल डालकर आग लगा लिया। विवाहिता को पकड़कर आग की चपेट में ले लिया। घर में आग लगा देख विवाहिता की जेठानी और सास कमरे की तरफ दौड़ीं। किसी तरह विवाहिता ने दरवाजा खोला। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। विवाहिता की कबीर चौरा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अजित का ट्रामा सेंटर बीएचयू में उपचार चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सीओ रामानंद राय ने बताया कि प्रेमी द्वारा जलाई गई विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। विवाहिता के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसपी नक्सल ने बताया कि उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। उसके पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।