मिर्जापुर। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. आरबी कमल ने बृहस्पतिवार को मंडलीय अस्पताल परिसर में स्थानांतरित जिला महिला अस्पताल और ओपीडी का निरीक्षण किया। ब्लड बैंक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को एसडीपी मशीन के संचालन के लिए स्थान चिह्नित करने तथा जिला महिला अस्पताल के पास एंबुलेंस आदि के आने-जाने और पार्किंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
प्राचार्य डाॅ. आरबी कमल ने मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डाॅ. तरुण सिंह के साथ ओपीडी का निरीक्षण किया। इसके बाद ब्लड बैंक का निरीक्षण कर वहां एसडीपी मशीन के संचालन के बारे में जानकारी ली। इसके बाद एसआईसी तथा ब्लड बैंक प्रभारी को उन्होंने एसडीपी मशीन के संचालन के लिए पहले ब्लड बैंक परिसर में स्थान चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थान चिह्नित करने के बाद एसडीपी मशीन इंस्टाल करें। इसके बाद प्रदेश और केंद्र सरकार को रिपोर्ट लगाने के लिए पत्र लिखा जाएगा। वहां से नामित ड्रग इंस्पेक्टर रिपोर्ट लगाएंगे। उन्होंने हाल ही में 145 बेड के भवन में स्थानांतरित जिला महिला अस्पताल का भी निरीक्षण किया। बिना किसी समस्या के अस्पताल स्थानांतरित कराने पर एसआईसी और एसओडी डाॅ. जूही देश पांडेय की सराहना की। उन्होंने वहां वाहनों की पार्किंग आदि की व्यवस्था देखी। जिला महिला अस्पताल गेट तक एंबुलेंस जाने और मोड़ने के लिए पर्याप्त जगह बनाने का निर्देश दिया। इस दौरान अस्पताल के प्रबंधक अनुज ठाकुर, ज्योतिमा आदि मौजूद रहीं।