मिर्जापुर। शनिवार को रात से लेकर रविवार को सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश से कई जगह जलभराव हो गया। कई गांव पानी से घिर गए। कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों को परिवार सहित घर से बाहर शरण लेनी पड़ी। जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से अघवार के ग्रामीणों ने मिर्जापुर-वाराणसी मार्ग पर बड़े-बड़े पत्थर रखकर जाम लगा दिया।
सिटी ब्लाॅक के अघवार गांव की सीमा पर बीडीओ शरद कुमार सिंह मातहतों के साथ डटे रहे। यहां सड़क के दक्षिण चारों तरफ खेत व गांव पानी से घिरे रहे। पहाड़ी विकास खंड के कोटवा में सड़क के ऊपर से पानी बह रहा था। अघवार गांव की दलित बस्ती व अन्य हिस्सों में कई घरों में पानी घुस जाने से ग्रामीण परेशान रहे। उधर, अघवार के ग्रामीणों द्वारा जल निकासी की व्यवस्था के लिए जाम लगाए जाने की सूचना पर बीडीओ सिटी शरद कुमार सिंह ने ग्राम पंचायत सचिव को रेलवे पुल के बगल से सड़क खोद कर पानी निकलवाने का निर्देश दिया। ग्राम पंचायत की ओर से सड़क की खोदाई के लिए जेसीबी आदि की व्यवस्था कराई गई। जब लोगों को पता चला कि उस जमीन से रेलवे का तार गुजरा है तो किसी ने खोदाई की कोशिश नहीं की। इस बीच सुबह से लेकर शाम पांच बजे तक चारों तरफ पानी से घिरे गांव को लेकर मौके पर न तो तहसील का कोई अधिकारी पहुंचा और न ही कोई अन्य अधिकारी। उधर, ग्रामीणों द्वारा जाम लगाए जाने के काफी देर बाद मौके पर पहुंची पड़री पुलिस ने समस्या के समाधान का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
उधर, मड़िहान थाना क्षेत्र में शनिवार को रात से ही गोपलपुर गांव में बकहर नदी का पानी बह रहा था। इससे जुड़ीया, रैकरा, सपही, मूर्तियां, तेंदुइया सहित कई गांवों में आवागमन बाधित रहा। सक्तेशगढ़ क्षेत्र में बारिश के चलते कई गांवों में जल भराव से लोग परेशान रहे। लहौरा अत्तरी के दलित बस्ती के चारों तरफ दो से चार फीट तक पानी भरा रहा। कई घरों में पानी घुसने से गृहस्थी के सामान खराब हो गए। ग्राम प्रधान कमलेश कुमार ने ग्रामीणों के सहयोग से सड़क काटकर पानी निकलवाया। कोन ब्लॉक के गढ़वा, नदिहार, भीटी दरबान संपर्क मार्ग पर सड़क बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गई। रेलवे अंडर पास में पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित रहा। धनसिरिया, सतौहा में पेड़ गिर जाने से विद्युत पोल व तार क्षतिग्रस्त हो गए।
उधर, मूसलाधार बारिश से रविवार को नगर के निचले इलाकों में पानी भर गया। रोडवेज परिसर, आवास विकास कालोनी, पुरानी दशमी, दुर्गा बाजार, शबरी-नटवां मार्ग पर पानी भरा रहा। नटवां-शास्त्री पुल मार्ग पर रेलवे पुल के नीचे पानी भर जाने से कुछ देर के लिए वाहनों की आवाजाही ठप रही। इससे दोनों तरफ जाम लगा रहा। इसी तरह विंध्याचल स्थित रेहड़ा पुल व पटेंगरा नाला के नीचे पानी भर जाने से श्रद्धालु परेशान रहे।