विंध्याचल। रेलवे स्टेशन परिसर में बनाए गए नए यात्री टिन शेड के नीचे सोमवार को देर रात अज्ञात व्यक्ति तड़पते हुए दिखा। सूचना पर पहुंचे जीआरपी के लोग यात्री को अस्पताल ले गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है। विंध्याचल रेलवे स्टेशन के बाहर बने नए यात्री टिन शेड के नीचे सोमवार की रात एक 55 वर्षीय व्यक्ति को तड़पते देख बगल में बैठे यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जीआरपी और आरपीएफ के लोग उस व्यक्ति को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टर ने यात्री को देखते ही मृत घोषित कर दिया।
जीआरपी विंध्याचल के प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि देर रात एक व्यक्ति को तड़पते देख कुछ यात्रियों ने सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस से यात्री को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यात्री के पास कोई भी आईडी अथवा पहचान के कोई सामान नहीं था। शरीर पर नारंगी रंग का नेकर और ग्रे कलर का गोल गले का टी शर्ट है। शिनाख्त के लिए तीन दिन तक शव रखा जाएगा। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।