मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बृहस्पतिवार को विन्ध्याचल में निर्माणाधीन विंध्य कारीडोर कार्य की प्रगति एवं नवरात्र मेला के तैयारियों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्र मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मंदिर के चारों तरफ, परिक्रमा पथ को श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुगम बनाया जाय। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें कि बारिश होने पर भी फिसलन न होने पाए। जिलाधिकारी ने कहा कि परिक्रमा पथ पर बनाये जा रहे समस्त पिलर के पास के गड्ढों को भर दिया जाय तथा पिलर में निकाले गये सरिया आदि पर मोटी बरसाती लगाकर बांध दिया जाय। पक्का घाट मार्ग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मार्ग की पूरी चौड़ाई को समतल बनाया जाय।
उन्होंने कहा कि मार्गों पर किसी दुकानदार के द्वारा दुकान बढ़ाकर न लगाया जाय। इसके लिए उन्हें पहले से ही सचेत कर दिया जाय। पक्का घाट के दोनों तरफ गंगा के किनारे प्रत्येक घाटों पर रास्ता सही किया जाय तथा मार्गों में यदि कही कटान हो तो उसे समय रहते सही करा लिया जाय।
उन्होंने कहा कि घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग तथा गंगा नदी में भी बैरिकेडिंग लगायी जाय, ताकि यात्री गहरे पानी में स्नान के लिये न जाय। नगर मजिस्ट्रेट व मेला मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने मेला की तैयारियों के बारे में जिलाधिकारी को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नवरात्र मेला के पूर्व दर्शनार्थियों के लिये सभी कार्य पूर्ण करा लिए जायेंगे। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता राजकीय निर्माण निगम, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेें।