मिर्जापुर। मझवां विधानसभा की खाली सीट के हो रहे उपचुनाव में भागीदारी के लिए मंगलवार को भी कोई नामांकन नहीं हुआ। हालांकि पांच लोगों ने नामांकन पत्र जरूर लिए। इसके साथ ही नामांकन पत्र लेने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर है।
मंगलवार को जिन लोगों ने नामांकन पत्र लिए उनमें दो निर्दल भी शामिल हैं। मंगलवार को भारतीय रिपब्लिक पार्टी इंसान के विशाल कुमार, निर्दल जितेंद्र बहादुर, विश्व कल्याण राष्ट्रीय मानव समाज पार्टी के रामलखन, राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के मंगला प्रसाद व निर्दल रामविलास ने नामांकन पत्र लिया। इनके अलावा 12 लोगों ने नामांकन के पहले दिन, 10 लोगों ने दूसरे दिन और दो लोगों ने सोमवार को नामांकन पत्र लिया था। उपचुनाव में भागीदारी के लिए नामांकन का समय सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित है। मंगलवार को दिन भर अधिकारी नामांकन कक्ष में बैठ कर नामांकन के लिए आने वालों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई नहीं आया। एसडीएम सदर गुलाब चंद्र को आरओ (रिटर्निंग अफसर) बनाया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एडीएम भू राजस्व के न्यायालय कक्ष को नामांकन स्थल बनाया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।