विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा पहाड़ी पर मछिंदरा कुंड के पास शराब के नशे में गोली मारकर युवक की हत्या करने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने 20 दिन बाद पटेंगरा नाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस बिहार के बाहुबली विधायक समेत सात लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
क्षेत्र के मछिंदरा कुंड के पास 14 अगस्त को भोजन बनाते समय शराब पी रहे बदमाश ने एक वृद्ध को गोली मार दी। गोली लगने से कन्हैया प्रसाद की मौत हो गई। गोली मारने वाला मुख्य आरोपी नंद गोपाल फरार हो गया था। पुलिस ने छानबीन किया तो एक होटल में बिहार के बाहुबली पूर्व विधायक नरेंद्र उर्फ सुनील पांडेय मिले। छानबीन में पत चला कि गोली मारने वाले लोग उनके साथ आए थे। मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूर्व विधायक को पूछताछ कर छोड़ने की बात पुलिस ने कही, पर मुख्य आरोपी नंद गोपाल को पकड़ने के लिए उनको होटल में नजरबंद रखा।
विंध्याचल पुलिस नंदगोपाल को पकड़ने के लिए बिहार गई, पर खाली हाथ लौटना पड़ा। इसके बाद पुलिए ने बाहुबली पूर्व विधायक नरेंद्र उर्फ सुनील पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मुख्य आरोपी की तलाश में थी। पुलिस ने आरोपी नंद गापोल पर 50 हजार के इनाम की घोषणा कर दिया। सोमवार को पुलिस और एसओजी की टीम ने विंध्याचल के पटेंगरा नाला के पास से फरार चल रहे आरोपी नन्द गोपाल उर्फ फौजी निवासी जोगया थाना विक्रमगंज जनपद रोहतास, बिहार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद किया। आरोपी पर बिहार में रोहतास और सासाराम में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी ने पूछताछ मेें बताया कि सभी अष्टभुजा पहाड़ी के नीचे मैदान में खाना बना रहे थे कि इसी दौरान कुछ लोगों से वाद-विवाद हो गया। गुस्से में आकर अपने साथियों की सह पर एक व्यक्ति को गोली मार दिया था। गिरफ्तारी के डर से सभी मौके से फरार हो गए थे।