मिर्जापुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर स्थित निष्काम सेवा आश्रम में बीते बृहस्पतिवार की रात संचालिका का संदिग्ध परिस्थितियों में बंद कमरे में शव मिलने के बाद रविवार को वाराणसी लैब में फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस बिसरा, कपड़ा और डीएनए का नमूना जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजने की तैयारी कर रही है।
निष्काम सेवा आश्रम में रह रहीं संचालिका भूज्योति उर्फ भूमिका देवी 25 दिन से लापता थीं। कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस ने बीते बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंच कर कमरे का ताला तोड़ कर शव बाहर निकाला। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन महाराष्ट्र में रहते हैं। शनिवार की शाम भूमिका देवी के भाई और पुत्र पहुंचे। शव सड़ जाने के कारण जांच के लिए वाराणसी के शिवपुर प्रयोगशाला भेजा गया। वहां रविवार को फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का पाेस्टमार्टम किया गया। थानाध्यक्ष विजय चौरसिया ने बताया शव का पोस्टमार्टम वाराणसी के शिवपुर में किया गया। बिसरा, कपड़ा और डीएनए नमूना लिया गया है। इन्हें जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वहां जांच के बाद पता चलेगा कि मौत कैसे हुई।