मिर्जापुर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिला मजिस्ट्रेट शिव प्रताप शुक्ल ने कहा है कि मतदेय स्थलों की सूची का प्रकाशन मंगलवार को कर दिया गया है। मतदेय स्थलों के संबंध में अगर कोई आपत्ति अथवा सुझाव हो तो लोग 16 अगस्त तक दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदेय स्थलों की सूची प्रकाशित की जानी है। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों की सूची तैयार कर मंगलवार को उसका प्रकाशन कर दिया गया। इसकी प्रति तहसील कार्यालयों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में मंगलवार से 16 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रकाशित सूची में शामिल मतदेय स्थलों के संबंध में अगर किसी को कोई आपत्ति अथवा सुझाव देनी हो तो वह 16 अगस्त तक तहसील कार्यालयों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में दे सकता है।