मिर्जापुर। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्य मंत्री तथा सांसद अनुप्रिया पटेल ने नरायनपुर रेलवे स्टेशन (पूर्व में अहरौरा रोड रेलवे स्टेशन) पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए एक बार फिर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है।
इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने 18 जनवरी 2018 को भी फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए तत्कालीन रेल राज्य मंत्री को पत्र लिख चुकी हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि नरायनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बहुप्रतीक्षित मांग अब भी अधूरी है। पिछले पांच सालों के दौरान इस स्टेशन पर पूर्व के दो मुख्य लाइन, एक लूप लाइन के अतिरिक्त दो नई डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की लाइनें और बन गई हैं। साथ ही एक और अतिरिक्त रेल लाइन निर्माणाधीन है। इस प्रकार इस स्टेशन पर अब कुल न्यूनतम छह लाइनें हो जाने के बावजूद यहां स्टेशन के आरपार जाने के लिए कोई फुट ओवरब्रिज नहीं है। उन्होंने पत्र में कहा है कि पूर्व में स्टेशन से मात्र 200 मीटर आगे समपार रेलवे क्रॉसिंग था। इसके माध्यम से क्षेत्रीय लोग यहां के बाजार नरायनपुर में आते-जाते थे। अब उसको भी बंद कर आगे नया रेल ओवरब्रिज बना दिया गया है। इससे आवागमन के लिए पैदल यात्रियों व बाजार जाने वाले लोगों को लगभग ढाई किमी घूमकर आवागमन करना पड़ रहा है।