सीखड़। चुनार कोतवाली क्षेत्र के लालपुर सीखड़ गांव में रविवार की रात तालाब किनारे लघुशंका करने गए व्यक्ति की फिसलकर गहरे पानी में जल में जाने से डूबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची चुनार पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
क्षेत्र के लालपुर सीखड़ गांव निवासी शिवकुमार बिंद (38) पुत्र रामधनी मजदूरी कर परिवार के सदस्यों का पालन पोषण करते थे। रविवार की रात करीब 10 बजे वे घर के पीछे तालाब के किनारे लघुशंका करने गए थे। इस दौरान पैर फिसलने से वे तालाब में गहरे पानी में चले गए। उन्होंने शोर मचाया तो परिजन पहुंच गए। शोर सुनकर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगाें ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की सूचना पर चुनार कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तालाब में डूबे व्यक्ति की तलाश कराई गई। काफी प्रयास के बाद शिवकुमार को तालाब से बाहर निकालाय गया। तब तक उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शिवकुमार से एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। चुनार कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।