पटेहरा। मड़िहान तहसील क्षेत्र के सिरसी गांव में रविवार दोपहर तेज चमक गरज के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से श्रमिक की मौत हो गई। उसका पुत्र भी अचेत हो गया।
गांव निवासी रवि (30) परिवार के साथ बरामदे में बैठा था। लघुशंका के लिए बाहर निकला इसी बीच बिजली गिरने से चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। बरामदे में बैठा रवि का पुत्र शिवम (9) भी तेजी से गिरी बिजली के कारण अचेत हो गया। परिजन अचेतावस्था में पिता और पुत्र को लेकर दीपनगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। जहां से दोनों को पटेहरा पीएचसी भेज दिया गया। पटेहरा पीएचसी पर डॉ. वाजिद जमील ने रवि को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार फूलचंद यादव ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दैवीय आपदा के तहत चार लाख व कृषक बीमा से एक लाख मुआवजा 48 घंटे में दिलाने की बात कही। रवि प्रयागराज स्थित एक सूजी-मैदा मिल में फिटर का काम करता था। रवि शनिवार को प्रयागराज से घर सिरसी आया था। सूचना पर पहुंची संतनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
कूलर में उतरे करंट से किशोरी की मौत : लालगंज। थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में निवासी विष्णु प्रसाद मिश्रा की पुत्री साक्षी मिश्रा (15) रविवार को दोपहर में भोजन करने के बाद अपने कमरे में आराम करने गई। कमरे में कूलर की बटन आन करते समय उसे करंट लग गया। कमरे में कोई और नहीं था। करंट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कमरे में साक्षी को अकेले रहने के कारण परिजनों को काफी देर तक घटना की जानकारी ही नहीं हुई। काफी देर बाद जब परिजन में पहुंचे तो देखा साक्षी चारपाई के बगल में गिरी पड़ी थी। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।