मड़िहान। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से रेफर प्रसूता पीड़ा से बृहस्पतिवार को एंबुलेंस के इंतजार में जमीन पर पड़ी काफी देर तक तड़पती रही। फोन करने पर 108 नंबर से दस मिनट में पहुंचने का जवाब मिल रहा था, जबकि एबुलेंस करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची।
लूरकुटिया गांव निवासी सुरेश की पत्नी उर्मिला प्रसव पीड़ा होने पर मड़िहान स्थित सीएचसी में बृहस्पतिवार को सुबह पौने दस बजे पहुंची थीं। करीब तीस मिनट बाद पहुंचे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डाॅक्टर ने उन्हें देखते ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सुबह करीब 11 बजे तक तीमारदार 108 नंबर पर फोन करते रहे, लेकिन उधर से दस मिनट में पहुंचने का जवाब आता रहा। उधर, प्रसव पीड़ा से उर्मिला अस्पताल परिसर में जमीन पर ही तड़पती रहीं। मामला गंभीर होते देख कुछ देर बाद अस्पताल की एक महिला स्वास्थ्य कर्मी उसे अस्पताल में अंदर चलने को कहते हुए नर्स प्रशिक्षण कक्ष में चली गई। परिजन व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं था। डेढ़ घंटे बाद जब एंबुलेंस आई तो उसे लेकर जिला अस्पताल गई। अस्पताल के अधीक्षक डाॅ. महेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि गंभीर बीमारी के चलते महिला को जिला अस्पताल रेफर किया गया था।