पीआरवी पहुंची तो ठेकेदार अपनी गाड़ी से घायल को लेकर जिगना थाने पहुंचा। चोरी करने की तहरीर दी। जिगना थाने की पुलिस ने घायल को पहले अस्पताल ले जाने को कहा। इसके बाद ठेकेदार घायल को लेकर पीएचसी सर्रोई पहुंचा। डॉक्टर ने विष्णु को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ठेकेदार शव को अस्पताल के गेट पर छोड़कर फरार हो गया।
चोरी के आरोप में पिटाई से मौत की सूचना पर एएसपी सिटी संजय वर्मा, सीओ प्रभात राय, सीओ सदर शैलेश त्रिपाठी, सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। विष्णु के भाई सतीश कुमार तहरीर दी। बताया कि उसका भाई गांव के अन्य लोगों के साथ सोमवार को प्रयागराज से जल लेकर बाइक से बाबा विश्वनाथ धाम गया था।
मंगलवार को मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। बुधवार सुबह वह बाबा बदेवरा नाथ का जलाभिषेक करने जा रहा था। रास्ते में ठेकेदार व उसके लोगों ने चोर-चोर कहकर पीट-पीट कर जान ले ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ठेकेदार सौरभ सिंह निवासी सहदोदाड़ गोलाबाजार गोरखपुर समेत अन्य पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस के मुताबिक मृतक तीन दिन से अपने ननिहाल में था। वह नशे का आदि था। बुधवार सुबह चोरी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई की गई। जिससे उसकी मौत हो गई। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि मृतक के भाई की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह पता चला है कि युवक नशे का आदि था।