लालगंज। लहंगपुर पुलिस चौकी के निकट आर्यावर्त बैंक में पैसा निकालने आए अधेड़ व्यक्ति से बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने कागज की गड्डी को देकर आठ हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घटना सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी। बृहस्पतिवार की दोपहर क्षेत्र के बामी गांव निवासी श्यामलाल लहंगपुर स्थित आर्यावर्त बैंक शाखा में पैसा निकालने के लिए आए थे। उसने अपने खाते से आठ हजार रुपये निकाला। तभी दो बाइक सवार युवकों ने उसे कागज के रुपयों की गड्डी देकर उससे आठ हजार ले लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, दोनों बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। वही मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने बताया कि अधिक रुपये की लालच में श्यामलाल ने अपना रुपये गंवाया है। पीड़ित श्याम लाल ने बताया कि जरूरी काम से पैसा निकालने आए थे। चौकी प्रभारी इन्द्रभूषण मिश्र ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उचक्कों की तलाश की जा रही हैं।