मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र के जंगीरोड धर्मकांटा के पास स्थित कबाड़ी की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने की सूचना लोगों ने कबाड़ी के दुुकानदार और पुलिस को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक आग से चार पहिया वाहन समेत अन्य सामान जल चुके थे। मंडली चौकी क्षेत्र के जंगीरोड स्थित धर्मकांटा के पास सीताराम अग्रहरि की कबाड़ की दुकान है। रविवार को वे दुकान बंद कर घर चले गए। दुकान से कुछ दूरी पर उनका मकान है। सोमवार को सुबह चार बजे के करीब कबाड़ी की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से कबाड़ के सामान जलने लगे। पास में खड़ी एक मैजिक में भी आग लग गई। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना दुकानदार और पुलिस को दी। सूचना पर दुकानदार और मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच। लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, परंतु आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह से आग पर काबू किया। इस बीच आग से मैजिक वाहन समेत कबाड़ के अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। अग्निशमन अधिकारी अनिल प्रताप सरोज ने बताया कि सुबह सूचना मिलने पर टीम ने जाकर कबाड़ की दुकान में लगी आग पर काबू किया।