ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नवनीत सेहरा ने बृहस्पतिवार को बामी स्थित गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को गोआश्रय स्थल में गोवंश को ठंड से बचाव के लिए उपाय करने तथा परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों को उन्होंने आगाह किया कि गोवंश को ठंड से बचाव के उपाय करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अन्यथा संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने गोआश्रय स्थल पहुंचने पर पहले साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई निरंतर बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने ठंड से गोवंश को बचाने के लिए उपाय करने का भी निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वरदेव नारायण चतुर्वेदी ने बताया कि आश्रय स्थल में मौजूद गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इसके लिए टीम गठित की गई है। ग्राम विकास अधिकारी श्यामधर तिवारी ने बताया कि आश्रय स्थल में 414 गोवंश मौजूद हैं।