चील्ह। मिर्जापुर-औराई मार्ग स्थित शास्त्री सेतु पर रविवार को सुबह से ही जाम लग गया। ज्येष्ठ पूर्णिमा के अलावा मुंड़न, जनेऊ संस्कार आदि का मुहूर्त होने तथा शादी के बाद मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए दिन भर मार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों की कतारें लगी रहीं।
पुल पर दोनों तरफ वाहन के लगातार आने-जाने से भीषण जाम लग गया। सुबह से लेकर शाम चार बजे तक जाम लगा रहा। जाम के चलते जंगीरोड पर नटवा पुलिस चौकी तक, विंध्याचल की तरफ लल्ला घाट तक, शहर की तरफ चौबे घाट तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके चलते लोगों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चिलचिलाती धूप में लोग अपने वाहन से उतर कर पैदल ही शास्त्री सेतु पार करने लगे। पानी के अभाव में लोग दर दर भटकते रहे। जाम में फंसे बच्चों के लिए समय बिताना मुश्किल हो गया। चील्ह व कटरा कोतवाली पुलिस जाम हटाने में जुटी रही।