मिर्जापुर। प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को सिरसी, खजुरी तथा मेजा जलाशय का निरीक्षण किया। अपर खजुरी डैम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से उसकी क्षमता तथा इससे निकली नहरों तथा यहां उपलब्ध पानी के बारे में जानकारी ली। डैम में पानी नहीं होने पर उन्होंने इससे जुड़े नालों की साफ-सफाई कराने, सोन पंप कैनाल से डैम में पानी भरने तथा गंगा नदी से लिफ्ट के माध्यम से अपर खजुरी डैम में पानी भरने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश दिया।
यहां निरीक्षण के बाद स्वतंत्र देव सिरसी डैम पहुंचे, जहां डैम की क्षमता एवं उससे निकली नहरों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टेल पर बसे किसानों को पानी पहुंचाना सरकार की मंशा है। उन्होंने सभी नदियों का बनाए रखने के लिए सिंचाई विभाग को जमीन अधिगृहीत कर पौधरोपण कराने का निर्देश दिया। कहा कि बरसात के पहले मई तक सभी बरसाती नालों की सफाई हो जानी चाहिए। सिरसी डैम में प्रतिमा विसर्जन से हुई गंदगी देख मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही प्रतिमा विसर्जन के लिए अलग से तालाब खोदवाने का निर्देश दिया। डैम के आस-पास चारों तरफ पीपल, बरगद आदि के पौधे लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने सिरसी नहर बंद होने के बावजूद नहर में लीकेज से बहते पानी को देख नाराजगी जताई। मुख्य अभियंता शरद कुमार सिंह से नाराजगी जताते हुए उन्होंने जून से पहले नहर के लीकेज दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। मेजा बांध पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने जल शक्ति मंत्री को बताया कि सिरसी व मेजा बांध में बरसात के समय बकहर नदी के रास्ते पानी आता है। जल शक्ति मंत्री ने बकहर नदी के रास्ते में पड़ने वाले नदी नाले को साफ कराने का निर्देश दिया।