मिर्जापुर। बच्चों को कुपोषण से दूर रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग नौ अगस्त से पांच सितम्बर तक बच्चों को विटामिन ए की खुराक देने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। यह अभियान सुरक्षा पोषण माह के रूप में चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के तीन लाख 25 हजार बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। इसके साथ ही कुपोषित बच्चों का भी चिह्नाकित किया जाएगा। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर नीलेश श्रीवास्तव ने बताया कि बाल सुरक्षा पोषण माह में जिले के पांच साल तक के तीन लाख 25 हजार बच्चों को विटामिन ए- की खुराक दी जाएगी। इसके साथ ही कुपोषित बच्चों की पहचान कराई जाएगी। बाल सुरक्षा पोषण माह में कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए महीने के बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले वीएचएनडी (ग्रामीण स्वास्थ्य पोषण दिवस) और यूएचएनडी (शहरी स्वास्थ्य पोषण दिवस) पर ही बच्चों को एएनएम द्वारा खुराक दी जाएगी। जिला कार्यक्रम प्रबन्धक अजय सिंह ने बताया कि बाल सुरक्षा पोषण माह के सफलता के लिए सुनिश्चित किया जाएगा कि जिले के नौ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व 44 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर तैनात एएनएम के पास बैनर इत्यादि के साथ विटामिन ए की पर्याप्त दवा उपलब्ध रहें। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नौ माह से पांच वर्ष की आयु के बच्चों में रोगों में कमी लाना हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा बाल विकास विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। जिले के सभी 2668 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर होने वाले बुधवार औ र शनिवार को आयोजित होने वाले ग्रामीण स्वास्थ्य पोषण दिवस और शहरी स्वास्थ्य पोषण दिवस पर अपने कार्यरत क्षेत्र के लोगों को विटामिन ए की खुराक के लिए प्रोत्साहन करने के साथ ही केन्द्रों पर ले जाने का कार्य किया जाएगा।