मिर्जापुर। जिले में शनिवार को देर शाम शुरू हुई बारिश अगले दिन रविवार को सुबह तक जारी रही। जगह-जगह हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई जगह जल भराव हो गया। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया तो कुछ स्थानों पर सड़कें धंस गईं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नटवा रेलवे पुल के नीचे पानी भर जाने से वहां घंटों छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे।
बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है, लेकिन नगर क्षेत्र में सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। रविवार को सुबह भरुहना-वाराणसी मार्ग, रोडवेज परिसर में पानी भर जाने से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसी तरह रमईपट्टी, कचहरी, कलेक्ट्रेट परिसर, रमईपट्टी-कनौराघाट मार्ग, फतहां के अलावा सीडीओ आवास, मिर्जापुर-भटौली मार्ग पर जगह-जगह पानी भर गया। सिविल लाइन तिराहा से विसुंदरपुर तक जगह-जगह सड़कें दो से तीन फीट तक धंस गईं। प्रमुख मार्ग होने के कारण संबंधित विभाग सड़कों को दुरुस्त करने में जुटा रहा। नटवा रेलवे पुल के नीचे पानी भर जाने से छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे। इसी तरह विंध्याचल में रेहड़ा चुंगी, पटेंगरा नाला व दूधनाथ चुंगी रेलवे पुल के नीचे पानी भरा रहा। इससे स्थानीय लोगों के अलावा श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ी। पानी भर जाने की सूचना पर नगर पालिका की ओर से पाइप लगवाकर पुल के नीचे से पानी निकलवाया गया। तब जाकर आवागमन शुरू हो पाया। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। भटौली मार्ग पर सरैया नहर पुल से गुरुसंडी पुलिस चौकी तक जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी भरा रहा। कहीं-कहीं सड़कों पर मिट्टी फैल जाने से फिसलन बढ़ गई। छानबे क्षेत्र में अकोढ़ी से जोपा तक का रास्ता खराब रहा। इसके चलते लोगों में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कुछ इलाकोंं में सड़क धंसने से लोग परेशान रहे।